



नवगछिया : मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ के पावन एवं शुभ अवसर पर गोपालपुर प्रखंड अंतर्गत सैदपुर स्थित बजरंग बली मंदिर में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरे मंदिर परिसर को सैकड़ों दीपों से सजाया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय और अलौकिक बन गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की गई। इसके पश्चात भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम और बजरंग बली के भजनों पर भक्ति भाव से सहभागिता निभाई। भजन-कीर्तन से पूरा क्षेत्र राममय हो उठा और देर रात तक श्रद्धालु कार्यक्रम में डटे रहे।

दीपोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर में दीप प्रज्ज्वलन कर भगवान श्रीराम के आदर्शों और मर्यादा का स्मरण किया गया। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
इस मौके पर कृष्ण कुमार सिंह, राघव झा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। उपस्थित श्रद्धालुओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन से समाज में आपसी भाईचारा, श्रद्धा और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूती मिलती है।















