


नवगछिया। न्यायालय से निर्गत वारंटों के निष्पादन को लेकर पुलिस जिला नवगछिया द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अलग-अलग मामलों के नौ वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, खरीक थाना क्षेत्र के उस्मानपुर निवासी खीरका यादव को इस्तेहार वारंट के मामले में गिरफ्तार किया गया।
वहीं गोपालपुर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए हरनाचक निवासी विन्देश्वरी मंडल, सिंघिया मकंदपुर निवासी अमित कुमार तथा डुमरिया निवासी त्रिभुवन मंडल उर्फ कोको मंडल को न्यायालय से निर्गत गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) के आधार पर गिरफ्तार किया गया।
इसी क्रम में बिहपुर थाना पुलिस ने मिल्की निवासी मो. नौशाद एवं मो. शमशाद, अमरपुर निवासी अमन महतो उर्फ अमन सिंह तथा लतीपुर निवासी संतोष कुमार यादव को भी गैर-जमानती वारंट के मामले में गिरफ्तार किया। इसके अलावा एक अन्य वारंटी को भी अभियान के दौरान दबोचा गया।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार वारंटियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय से निर्गत वारंटों के निष्पादन और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून से बचने का प्रयास करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा तथा सभी लंबित वारंटों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।















