



नवगछिया के रंगड़ा थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर बैसी में सीएससी वीएलई के तत्वावधान में छात्रों के लिए साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति लोगों को सचेत करना और सुरक्षित ऑनलाइन तरीके अपनाने के बारे में जानकारी देना था।
कार्यक्रम का संचालन सीएससी संचालक मो मुर्तजा आलम ने किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में शिक्षा, बैंकिंग, ऑनलाइन खरीदारी और संचार जैसे लगभग हर क्षेत्र में हमारी तकनीक पर निर्भरता बढ़ रही है। ऐसे में साइबर अपराधी लोगों को ठगने के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। सतर्क रहना ही साइबर सुरक्षा की पहली सीढ़ी है।

मो मुर्तजा आलम ने छात्रों को फिशिंग कॉल व ई-मेल, डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड, वित्तीय धोखाधड़ी, ओटीपी और लिंक फ्रॉड तथा सोशल मीडिया स्कैम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मजबूत पासवर्ड, दो-स्तरीय सुरक्षा (टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन), संदिग्ध लिंक से दूरी बनाए रखने और निजी जानकारी साझा न करने जैसे बचाव के उपाय भी बताये।

उन्होंने छात्रों से अपील की कि ऑनलाइन सतर्कता केवल व्यक्तिगत सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे पूरे समाज की डिजिटल सुरक्षा जुड़ी है। छात्रों को यह भी कहा गया कि वे स्वयं जागरूक बने और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया और साइबर सुरक्षा के महत्व को समझा।














