



भागलपुर जिले के सुल्तानगंज में शनिवार को बिहार सरकार के गृहमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इसी क्रम में सुल्तानगंज थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने दल-बल के साथ विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।

जानकारी के अनुसार 24 जनवरी शनिवार को बिहार सरकार के गृहमंत्री सम्राट चौधरी दोपहर करीब एक बजे सुल्तानगंज स्थित कृष्णानंद स्टेडियम पहुंचेंगे। उनके आगमन के पश्चात गृहमंत्री सम्राट चौधरी जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, डीआईजी विवेक कुमार, एसएसपी प्रमोद यादव सहित जिला एवं प्रखंड स्तर के कई वरीय पदाधिकारियों के साथ सुल्तानगंज के अजगैबीनाथ नेशनल हवाई अड्डा निर्माण कार्य स्थल का निरीक्षण करेंगे और निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेंगे।

गृहमंत्री के आगमन को लेकर कृष्णानंद स्टेडियम में हेलिपैड का निर्माण किया जा रहा है। इसी को लेकर थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार पुलिस बल के साथ निर्माण स्थल पर पहुंचे और हेलिपैड निर्माण कार्य की जांच के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के समय मौके पर दर्जनों पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे। प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि गृहमंत्री का कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।














