0
(0)

नवगछिया : कटरिया रेलवे स्टेशन पर एक संदिग्ध चोर के साथ की गई बेरहमी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि स्टेशन परिसर में एक युवक को ग्रील से बांधकर भीड़ द्वारा लाठी-डंडों से पीटा जा रहा है। वीडियो में कुछ लोग यह कहते हुए भी नजर आ रहे हैं कि “मारेगा नहीं तो सुधरेगा कैसे”, जिससे भीड़ की मानसिकता और घटना की गंभीरता स्पष्ट होती है।

इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं कि मौके पर रेलवे पुलिस या स्थानीय पुलिस मौजूद क्यों नहीं थी और यदि थी तो उन्होंने समय रहते हस्तक्षेप क्यों नहीं किया। वीडियो में यह भी देखा गया है कि जब भीड़ आरोपी की पिटाई कर रही थी, उसी दौरान एक महिला लाठी पकड़कर उसे बचाने का प्रयास करती नजर आ रही है।

बताया जा रहा है कि उक्त महिला खगड़िया से कटिहार जाने वाली ट्रेन में यात्रा कर रही थी। इसी दौरान आरोपित युवक महिला का बैग लेकर ट्रेन से उतर गया। महिला के बैग में करीब दस हजार रुपये नकद होने की बात कही जा रही है। जैसे ही महिला को बैग चोरी होने का एहसास हुआ, उसने शोर मचाया। शोर सुनकर स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

इसके बाद लोगों ने आरोपी को स्टेशन परिसर में ही ग्रील से बांध दिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। हालांकि, महिला द्वारा आरोपी को बचाने का प्रयास किए जाने का वीडियो भी सामने आया है, जिससे यह संकेत मिलता है कि पीड़िता खुद भी अत्यधिक हिंसा के पक्ष में नहीं थी।

फिलहाल इस पूरे मामले में कानून व्यवस्था और पुलिस की सक्रियता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस द्वारा संज्ञान लिए जाने और पूरे मामले की जांच किए जाने की संभावना जताई जा रही है। घटना ने एक बार फिर भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेने की प्रवृत्ति पर चिंता बढ़ा दी है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: