


भागलपुर के सुल्तानगंज स्थित अजगैबीनाथ धाम क्षेत्र में प्रस्तावित नेशनल हवाई अड्डे को लेकर बिहार सरकार की सक्रियता तेज हो गई है। इसी क्रम में बिहार सरकार के गृह मंत्री सह उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को हेलीकॉप्टर से हवाई सर्वेक्षण किया।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हेलीकॉप्टर से कृष्णानंद स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्होंने भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी को भी अपने साथ हेलीकॉप्टर में बैठाया। इसके बाद मसदी, कमरगंज और गनगनिया क्षेत्र में प्रस्तावित नेशनल हवाई अड्डे के स्थल का हवाई सर्वेक्षण किया गया। हवाई सर्वेक्षण के दौरान भूमि की स्थिति, पहुंच मार्ग और आसपास के क्षेत्र का जायजा लिया गया।
हवाई सर्वेक्षण के बाद कृष्णानंद स्टेडियम लौटने पर विधायक प्रो. ललित नारायण मंडल, नगर सभापति राजकुमार गुड्डू सहित एनडीए कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। इसके पश्चात सम्राट चौधरी निरीक्षण भवन, सुल्तानगंज पहुंचे, जहां उन्होंने जिला एवं प्रखंड स्तर के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक गुप्त बैठक की। बैठक में नेशनल हवाई अड्डे की प्रगति, भूमि अधिग्रहण और अन्य तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
मीडिया से बातचीत करते हुए गृह मंत्री सह उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अजगैबीनाथ धाम क्षेत्र में प्रस्तावित नेशनल हवाई अड्डा, मरीन ड्राइव, सुल्तानगंज-देवघर रेल लाइन, शिव कॉरिडोर सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं जल्द धरातल पर उतरेंगी। उन्होंने बताया कि इन सभी योजनाओं को लेकर भूमि अधिग्रहण का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
इस अवसर पर भागलपुर जिला एवं सुल्तानगंज प्रखंड के सभी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता मौजूद रहे।












