


नवगछिया की मारवाड़ी युवा मंच शाखा 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर मारवाड़ी विवाह भवन, नवगछिया के प्रांगण में “मेरा लहू देश के नाम” स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित कर रही है। इस संबंध में अध्यक्ष चेन्तन मुनका ने बताया कि इस कार्यक्रम का आयोजन जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, भागलपुर के रक्त अधिकोष की टीम के सहयोग से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नजदीकी लोगों को आपातकाल में रक्त की आवश्यकता पड़ने पर यही शिविर मददगार साबित होता है।
श्री मुनका नें जानकारी देते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है और रक्तदाता वास्तव में जीवन रक्षक हीरो होते हैं, जो दूसरों की जिंदगी बचाने में योगदान देते हैं। शाखा अध्यक्ष चेतन मुनका ने रक्तदाताओं को सलाह दी कि वे अपने साथ पासपोर्ट साइज फोटो और आधार कार्ड जरूर लाएं।
उन्होंने बताया कि अब रक्तदाता अपने रक्त को सीधे जरूरतमंद को दे सकते हैं। इसके लिए रक्तदाता को छह महीने के भीतर अपना आधार नंबर रक्त अधिकोष में दर्ज कराना होगा। इसके बाद मोबाइल पर ओटीपी आएगा और जरूरतमंद को रक्त उपलब्ध करवा दिया जाएगा। यह एक सरल और प्रभावी तरीका है, जिससे रक्तदाता अपने रक्त को दूसरों के शरीर में बहने का मौका दे सकते हैं।
शिविर में रक्तदान करने से रक्तदाता खुद भी लाभान्वित होते हैं। शिविर में रक्त दान से पहले रक्त की जांच की जाती है, जिससे किसी भी बीमारी का समय रहते पता चल जाता है।
रक्तदान शिविर 26 जनवरी को सुबह 11 बजे से शुरू होगा। फॉर्म भरने के बाद रक्त जांच की प्रक्रिया संपन्न होगी और उसके बाद रक्तदान किया जाएगा।












