



भागलपुर जिले के जगदीशपुर प्रखंड अंतर्गत चांदपुर गांव में सरस्वती पूजा के पावन अवसर पर भव्य मेला एवं दो दिवसीय दंगल (कुश्ती प्रतियोगिता) का आयोजन किया गया। इस पारंपरिक दंगल में बेगूसराय, गोराडीह, कनेरी, नुरदीनपुर एवं धौरेया सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे पहलवानों ने अपने दमखम और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
दंगल प्रतियोगिता के दौरान पहलवानों के रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं दर्शक मौजूद रहे। कुश्ती के हर मुकाबले पर दर्शकों ने तालियों और उत्साह के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। मेला समिति की ओर से विजेता पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर विनोद तिवारी, सदानंद पांडेय, सुभाष पासवान, बब्बन चौधरी, संदीप सिंह, मुगल पासवान, पूर्व मुखिया राजीव साह एवं उपमुखिया राजकुमार साह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण परंपराओं को जीवित रखना, युवाओं को खेलों से जोड़ना और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है। सरस्वती पूजा के अवसर पर आयोजित यह दंगल और मेला क्षेत्र में खासा आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।













