


भागलपुर जिले के लोदीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोराही हरियो गांव में मूर्ति विसर्जन के दौरान देर रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान जमकर बमबाजी की गई, जिसमें चार लोग घायल हो गए। घटना से पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायलों की पहचान नीरज कुमार, गौतम कुमार, छोटू कुमार और मेघू मंडल के रूप में की गई है। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, भागलपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान कुछ लोगों की श्रीकांत, मुनीलाल एवं बिपिन कुमार से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि इसके बाद एक के बाद एक तीन बार बम फेंके गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही लोदीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो मुख्य आरोपियों को एक देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा आरोपियों के घर की तलाशी के दौरान सल्फर एवं स्थानीय स्तर पर बम/पटाखा बनाने में प्रयुक्त सामग्री भी बरामद की गई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है तथा अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने की बात कही है।












