



नवगछिया स्थित एससी-एसटी थाना की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। एक महिला ने आरोप लगाया है कि शिकायत दर्ज कराने के लिए थाना पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने उसका आवेदन लेने से इनकार कर उसे भगा दिया।
पीड़िता सीमा देवी पति: सिंटू पासवान, निवासी वीरनगर सैदपुर, थाना गोपालपुर के अनुसार, इसके बाद वह एसपी कार्यालय गई, जहां से थाना को फोन कर उसे दोबारा बुलाया गया। आरोप है कि दूसरी बार भी थाना पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने आवेदन लेने से मना कर दिया। इससे आहत होकर महिला थाना परिसर में रोने और हंगामा करने लगी। उसे यह कहकर टाल दिया गया कि “डायल 112 को इसकी जानकारी दीजिए।”

इसके बाद महिला गोपालपुर थाना पहुंची। वहां भी शुरुआत में आवेदन लेने से इनकार किया गया, लेकिन मामला बढ़ने पर बाद में आवेदन स्वीकार कर लिया गया। फिलहाल गोपालपुर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि गांव के ही शिवराम राय और महादेव गौतम राय द्वारा उसे जातिसूचक गाली दी गई, जान से मारने की धमकी दी गई और गांव की महिलाओं को डराकर सामाजिक बहिष्कार जैसा माहौल बनाया जा रहा है। लगातार मिल रही धमकियों के कारण वह भय और मानसिक दबाव में जीने को मजबूर हैं।
थाना प्रभारी महेश लाल ने इस मामले में बताया कि वे छुट्टी पर थे और आज ही ड्यूटी ज्वाइन की है। उन्हें इस प्रकरण की जानकारी नहीं है।















