



नवगछिया। नवगछिया पुलिस जिला के नवगछिया थाना क्षेत्र के मखाताकिया निवासी 25 वर्षीय राहुल कुमार की एनएच-31 पर हुए सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक राहुल कुमार, श्रवण सोनी का पुत्र था, जो एक सुप्रसिद्ध कीबोर्ड प्लेयर के रूप में क्षेत्र में जाने जाते हैं। राहुल पिछले चार पांच वर्षों से मुरली गांव में ज्वेलरी की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।

परिजनों ने बताया कि राहुल की शादी दो वर्ष पूर्व हुई थी और उसकी चार माह की एक पुत्री है। सोमवार को वह रोज की तरह दुकान बंद कर लगभग शाम चार बजे मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान एनएच-31 पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के समय राहुल ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक का पीछा कर वाहन को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
राहुल कुमार दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसका छोटा भाई राजा कुमार है, जबकि उसकी बड़ी बहन की शादी पहले ही हो चुकी है। इस हृदयविदारक घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।














