



नवगछिया पुलिस जिला नवगछिया क्षेत्र में गणतंत्र दिवस के अवसर पर रंगरा प्रखंड अंतर्गत भवानीपुर स्थित उच्च विद्यालय मैदान में सोमवार को शिक्षक एकादश एवं पब्लिक एकादश के बीच एक रोमांचक क्रिकेट मुकाबला खेला गया। अंतिम ओवर तक चले इस मुकाबले में शिक्षक एकादश ने पब्लिक एकादश को मात्र एक रन से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की।

मैच का टॉस शिक्षक एकादश के कप्तान कुमार गौरव एवं पब्लिक एकादश के कप्तान रंजीत रोशन के बीच हुआ। टॉस जीतकर शिक्षक एकादश ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 12 ओवरों में शिक्षक एकादश की टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर 110 रन बनाए और पब्लिक एकादश के सामने 111 रनों का लक्ष्य रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पब्लिक एकादश की टीम ने भी कड़ा संघर्ष किया, लेकिन 12 ओवर में 7 विकेट खोकर 109 रन ही बना सकी और जीत से एक रन से चूक गई। मैच के दौरान दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।


शिक्षक एकादश की ओर से दीपक कामरान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 43 रन बनाए, जबकि दीपक कुमार ने 36 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए दीपक कुमार को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
इस अवसर पर आयोजनकर्ता डॉ. राजकमल उर्फ प्रणव कुमार (प्रोफेसर), कप्तान कुमार प्रशांत, अधिवक्ता जयप्रकाश यादव, डॉ. अजय यादव, कुमार गौरव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में खेल भावना और उत्साह का माहौल बना रहा।














