



भागलपुर। शहर के व्यस्ततम तिलकामांझी चौक पर जीवन जागृति सोसाइटी की ओर से सड़क सुरक्षा को लेकर एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।
अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों से बिना हेलमेट वाहन न चलाने की अपील की गई। साथ ही यह भी स्पष्ट रूप से बताया गया कि दोपहिया वाहन पर पीछे बैठने वाली सवारी के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है। वहीं चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस जागरूकता अभियान में जीवन जागृति सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, भागलपुर यातायात डीएसपी संजय कुमार, यातायात इंस्पेक्टर वीरेंद्र राम, सोसाइटी के कई सदस्य एवं यातायात पुलिस के जवान सक्रिय रूप से मौजूद रहे। अभियान के दौरान लोगों को सड़क पर सुरक्षित चलने, गति सीमा का पालन करने और ट्रैफिक नियमों का सम्मान करने की जानकारी दी गई।
मौके पर डॉ. अजय सिंह ने बताया कि जीवन जागृति सोसाइटी लगातार सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट जैसे छोटे-छोटे सुरक्षा उपाय बड़ी दुर्घटनाओं से लोगों की जान बचा सकते हैं। इस दौरान उन लोगों से भी बातचीत की गई, जो पहले सड़क दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं और हेलमेट पहनने के कारण गंभीर रूप से घायल होने से बच गए। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि हेलमेट के उपयोग से उनकी जान बची और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

वहीं यातायात डीएसपी संजय कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जन-जागरूकता बेहद जरूरी है। पुलिस के साथ-साथ सामाजिक संगठनों की भागीदारी से ही यातायात नियमों का प्रभावी क्रियान्वयन संभव है।
इस अभियान के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि यातायात नियमों का पालन कर ही सुरक्षित और जिम्मेदार जीवन जिया जा सकता है।













