



नवगछिया : अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्वास) के तहत आयोजित दो दिवसीय निरीक्षण प्रक्रिया शुक्रवार को संपन्न हो गई। इस निरीक्षण का उद्देश्य अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, व्यवस्थाओं और मानकों का आकलन करना था।
एनक्वास टीम में शामिल डॉ. सुमित कुमार सरकार एवं डॉ. प्रियंका कुमारी ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सामान्य वार्ड, महिला एवं पुरुष वार्ड, ऑपरेशन थियेटर (ओटी), कार्यालय कक्ष, दवा भंडार, पंजीयन काउंटर सहित अन्य महत्वपूर्ण इकाइयों की कार्यप्रणाली की बारीकी से जांच की गई।

टीम ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद कर इलाज की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई की स्थिति, स्वास्थ्य कर्मियों के व्यवहार तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही रिकॉर्ड संधारण, संक्रमण नियंत्रण, बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन और मरीजों की सुरक्षा से जुड़े बिंदुओं की भी समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल के उपाधीक्षक पिंकेश कुमार एवं अस्पताल प्रबंधक जितेंद्र कुमार मौजूद रहे। उन्होंने एनक्वास टीम को अस्पताल की वर्तमान व्यवस्थाओं, उपलब्ध संसाधनों तथा संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी।
एनक्वास टीम के सदस्य डॉ. सुमित कुमार सरकार ने बताया कि कुल सात विभागों का मूल्यांकन किया जाना था। इनमें से पांच विभागों का निरीक्षण गुरुवार को ही पूरा कर लिया गया था, जबकि शेष विभागों का निरीक्षण शुक्रवार को किया गया। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कुछ कमियां सामने आई हैं, जिनमें सुधार की आवश्यकता है।
डॉ. सुमित कुमार सरकार ने उम्मीद जताई कि निरीक्षण के बाद मिलने वाली सिफारिशों के आधार पर अस्पताल प्रबंधन आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाएगा, जिससे अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और बेहतर हो सकेगी। दो दिवसीय एनक्वास निरीक्षण को लेकर अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य कर्मियों में विशेष सतर्कता और सक्रियता देखी गई।













