


नवगछिया। बाल भारती एवं बाल भारती विद्यालय, नवगछिया में आयोजित क्रिएटिव टैलेंट हंट 2025 के अंतर्गत होने वाली लिखित परीक्षा की तिथि में बदलाव किया गया है। पूर्व में यह परीक्षा 4 फरवरी को निर्धारित की गई थी, लेकिन शबे बरात पर्व की छुट्टी को ध्यान में रखते हुए आयोजक मंडली ने परीक्षा तिथि परिवर्तित करने का निर्णय लिया है। अब यह लिखित परीक्षा आगामी 9 फरवरी 2026, सोमवार को विद्यालय परिसर में ही आयोजित की जाएगी।
रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अब प्रतियोगिता के अगले चरण के रूप में लिखित परीक्षा कराई जाएगी। आयोजकों के अनुसार, परीक्षा में कुल 50 वस्तुनिष्ठ (ऑब्जेक्टिव) प्रश्न पूछे जाएंगे, जो 50 अंकों के होंगे। परीक्षा की अवधि 50 मिनट निर्धारित की गई है। इस परीक्षा के माध्यम से प्रतिभागियों की रचनात्मक क्षमता, सामान्य ज्ञान एवं बौद्धिक समझ का आकलन किया जाएगा।
प्रतियोगिता में शामिल सभी पंजीकृत प्रतिभागियों के लिए प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) विद्यालय परिसर में ही वितरित किए जाएंगे। प्रवेश पत्र का वितरण 5 फरवरी 2026 से प्रारंभ होगा, जिसे अभ्यर्थी निर्धारित समय पर विद्यालय से प्राप्त कर सकेंगे।
आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों से अपील की है कि वे समय रहते अपना प्रवेश पत्र प्राप्त कर लें और परीक्षा में समय पर उपस्थित हों। जीएस न्यूज़ क्रिएटिव टैलेंट हंट 2025 के माध्यम से स्कूली बच्चों को उनकी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करने तथा उनकी रचनात्मक एवं बौद्धिक क्षमताओं को प्रोत्साहित करने का उद्देश्य रखा गया है।












