


छात्राओं को बचत, निवेश और वित्तीय अनुशासन के प्रति किया गया जागरूक
नवगछिया। मदन अहिल्या महिला महाविद्यालय, नवगछिया में नेशनल सेंटर फॉर फाइनेंशियल एजुकेशन (NCFE), जो कि RBI, SEBI, IRDAI और PFRDA द्वारा प्रमोटेड है, के प्रशिक्षक जया सरस्वती प्रसाद ने छात्राओं को वित्तीय शिक्षा प्रशिक्षण प्रदान किया। इस अवसर पर महाविद्यालय में वित्त के विषय पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 100 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान अंशु अमन ने वित्तीय साक्षरता के महत्व पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने छात्राओं को बचत, निवेश और वित्तीय अनुशासन के प्रति जागरूक किया, ताकि वे अपने आर्थिक भविष्य को सुदृढ़ और सुरक्षित बना सकें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अवधेश रजक ने कहा कि वर्तमान समय में छात्राओं के लिए वित्तीय ज्ञान अत्यंत आवश्यक है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और भविष्य की आर्थिक चुनौतियों का सामना कर सकें।
कार्यशाला के अंत में महाविद्यालय अध्यक्ष दीक्षा मिश्रा के नेतृत्व में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र में छात्राओं ने वित्तीय शिक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे और विशेषज्ञों द्वारा उन्हें संतोषजनक उत्तर प्रदान किए गए।












