



भागलपुर।
माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर सुल्तानगंज स्थित अजगैविनाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। बिहार और झारखंड से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने उत्तरवाहिनी गंगा में पवित्र स्नान कर दान-पुण्य किया। पूरे क्षेत्र में हर-हर महादेव और मइया पार्वती के जयकारों से अजगैविनाथ नगरी गुंजायमान हो उठी।
धार्मिक मान्यता है कि माघी पूर्णिमा के दिन भगवान विष्णु का वास गंगा जल में होता है। ऐसे में गंगा स्नान और दान-पुण्य करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के चलते सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उत्तरवाहिनी गंगा घाट पर उमड़ पड़ी।

इस दौरान मिथिलांचल से आए हजारों कांवरिया भी अजगैविनाथ के उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान कर गंगाजल लेकर हर-हर महादेव के जयकारों के साथ पैदल एवं वाहनों से देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुए।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। गंगा घाटों पर बैरिकेडिंग, एसडीआरएफ की टीम, गोताखोरों की तैनाती के साथ-साथ थानाध्यक्ष मृत्युंजय के नेतृत्व में गंगा घाट से लेकर पूरे शहर तक व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

इस अवसर पर अजगैविनाथ मंदिर के महंत प्रेमानंद गिरी ने माघी पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि आगामी 15 फरवरी को महाशिवरात्रि को लेकर अजगैविनाथ मंदिर में रंग-रोगन और भव्य सजावट की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
पूरे आयोजन के दौरान हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे और माघी पूर्णिमा का पर्व शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ।













