



नवगछिया पुलिस जिला के रंगरा थाना क्षेत्र के बटेश्वरपुर में माघी पूर्णिमा मेले के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें दसवीं कक्षा की छात्रा संध्या कुमारी (14 वर्ष) गंगा में डूब गई और उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मधेपुरा जिले के उदाकिशनगंज थाना क्षेत्र निवासी अभिमन्यु कुमार मंडल अपने पूरे परिवार के साथ गंगा स्नान के लिए बटेश्वरपुर आए थे। रविवार की सुबह करीब 8:30 बजे स्नान करते समय संध्या कुमारी का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल खोजबीन शुरू की, लेकिन कई घंटे तक भी उसका कोई पता नहीं चल सका। लगभग आठ घंटे बाद मौके पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने गहन खोज अभियान चलाया और अंततः छात्रा का शव पानी से बरामद किया गया।

संध्या कुमारी परिवार में सबसे बड़ी बेटी थी। उसके छोटे भाई-बहनों में सोनम कुमारी, सागर कुमार और सबसे छोटी सृष्टि कुमारी शामिल हैं। मृतका के पिता अभिमन्यु कुमार मंडल मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। संध्या इस वर्ष दसवीं की बोर्ड परीक्षा देने वाली थी।
घटना के बाद मां संजो देवी और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव और मेले में शोक का माहौल है, और लोग हादसे पर गहरा दुख व्यक्त कर रहे हैं।
रंगरा थाना पुलिस ने बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा और सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस को गंगा घाट पर सुरक्षा और निगरानी सख्त करने का निर्देश दिया है, ताकि भविष्य में इस तरह के दुर्भाग्यपूर्ण हादसे रोके जा सकें।














