



भागलपुर के बरारी थाना परिसर में सिटी एसपी शैलेंद्र कुमार ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के साथ ही थाना परिसर में जनसंवाद कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे।
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था, आपसी विवाद, यातायात समस्या सहित अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। सिटी एसपी शैलेंद्र कुमार ने सभी शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित मामलों में शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर सिटी एसपी ने कहा कि पुलिस प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना तथा पुलिस और नागरिकों के बीच आपसी विश्वास को मजबूत बनाना है। उन्होंने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर इस तरह के जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आम नागरिकों और पुलिस प्रशासन के बीच संवाद बना रहे और किसी प्रकार की दूरी न रहे।

निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी ने थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों तथा सुरक्षा इंतजामों की भी समीक्षा की। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निपटारा किया जाए और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखा जाए।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि ऐसे जनसंवाद कार्यक्रमों से पुलिस और आम जनता के बीच सहयोग और विश्वास बढ़ेगा तथा समस्याओं का समाधान तेजी से संभव हो सकेगा। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाने की संभावना जताई गई है।














