



भागलपुर के समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में 10 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक चलने वाले फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिविल सर्जन, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।
बैठक में पीपीटी के माध्यम से बताया गया कि 2030 तक फाइलेरिया को पूरी तरह समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। फाइलेरिया मच्छर के काटने से फैलने वाला संक्रामक रोग है, जिसे हाथीपांव के नाम से भी जाना जाता है। इस बीमारी से बचाव के लिए समाज के सभी लोगों को एमडीए (सर्वजन दवा सेवन) कार्यक्रम के तहत निर्धारित दवा का सेवन करना अनिवार्य है।

बैठक में दवा के डोज़ और वर्गीकरण की जानकारी दी गई। 2 वर्ष से 5 वर्ष के बच्चों को डाइथाइलकार्बामेजिन (DEC) की 1 गोली और एल्बेंडाजोल की 1 गोली, 6 से 14 वर्ष के बच्चों को DEC की 2 गोलियां और एल्बेंडाजोल की 1 गोली, तथा 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी लोगों को DEC की 3 गोलियां और एल्बेंडाजोल की 1 गोली दी जाएगी। यह दवा केवल खाने के बाद एक बार ही ली जाएगी और यह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

11 फरवरी 2026 को जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर मेगा कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान जीविका दीदी और आंगनवाड़ी केंद्र से संबंधित महिलाओं को दवा दी जाएगी। शेष दिनों में टीम घर-घर भ्रमण कर सभी पात्र व्यक्तियों को दवा उपलब्ध कराएगी। अभियान को पांच स्तरों पर गठित टीमों के माध्यम से सफल बनाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यह अभियान पिछले वर्षों में भी सफलतापूर्वक चलाया गया है। दवा का कोई गंभीर साइड इफेक्ट नहीं है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान में सभी जनप्रतिनिधि, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी सेविका, शिक्षक और अन्य समाजसेवी सक्रिय भूमिका निभाएं।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि अभियान से पहले लोगों को यह जानकारी दे दी जाए कि दवा खाने से पहले हल्का भोजन करना आवश्यक है। दवा खाने से कुछ लोगों को मामूली प्रतिकूल प्रभाव हो सकता है, जिसे लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। इसका मतलब है कि शरीर में फाइलेरिया के कीड़े मर रहे हैं।
बैठक में संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री राजकुमार शर्मा, डीपीओ आईसीडीएस श्रीमती अनुपमा कुमारी, डीपीओ एमडीएम श्रीमती बबीता कुमारी तथा पिरामिड के अन्य सदस्य उपस्थित थे।














