



भागलपुर में “अपना बिहार 7 निश्चय 3” पहल के अंतर्गत “सबका सम्मान – जीवन आसान” (Ease of Living) कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने अपने कार्यालय कक्ष में आम जनों के आवेदनों पर सुनवाई की। इस अवसर पर लगभग 50 आवेदनों पर विचार किया गया, जिनमें लंबित पेंशन और जमीन विवाद से संबंधित मामले शामिल थे। एक दिव्यांग आवेदक व्हीलचेयर पर जिलाधिकारी के समक्ष पहुँचकर अपनी फरियाद रखी।

इस दौरान उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (राजस्व), अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था) सहित सभी जिला स्तरीय, प्रखंड स्तरीय, अंचल और थानों के अधिकारी भी अपने-अपने कार्यालय में आम जनों की शिकायतों की सुनवाई कर रहे थे।

आम जनों की शिकायतों का पंजीकरण किया गया और उन्हें प्राप्ति रसीद भी प्रदान की गई। इसके साथ ही कार्यालय के समीप उनके बैठने की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
अब “अपना बिहार 7 निश्चय 3” के तहत “सबका सम्मान – जीवन आसान” कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को सभी पदाधिकारी आम जनों के आवेदनों की सुनवाई कर रहे हैं, ताकि जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
















