



नवगछिया में शुक्रवार को शराब के नशे में दारोगा ने पीटीसी सिपाही विशाल कुमार पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सिपाही को प्राथमिक उपचार के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में भर्ती कराया गया, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया।

घायल सिपाही भोजपुर जिले के निवासी विशाल कुमार हैं और वे पुलिस लाइन नवगछिया में तैनात हैं। घटना के बारे में जानकारी के अनुसार, सिपाही सुबह की ट्रेन से नवगछिया स्टेशन उतरे और पैदल स्टेशन रोड के नोनिया पट्टी की ओर बढ़ गए। इसी दौरान नवगछिया पुलिस लाइन में तैनात छपरा निवासी दारोगा जयराम मांझी से उनकी मुलाकात हो गई। शुरुआती हंसी-मजाक के दौरान गुस्साए दारोगा ने अचानक चाकू निकालकर सिपाही के पीठ और पेट पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी तुरंत नवगछिया थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल सिपाही को तत्काल अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया। सिपाही ने बताया कि सुबह सात बजे वह दारोगा के साथ मजाक कर रहा था, तभी नशे में धुत्त दारोगा ने अचानक हमला कर दिया और फरार हो गया।
सार्जेंट सोमजीत कुमार ने बताया कि घटना के कारणों की जानकारी स्पष्ट नहीं है। उन्हें जैसे ही चाकू से हमला किए जाने की सूचना मिली, तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। आरोपित दारोगा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उसे अनुमंडल अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए भेजा गया।

प्रभारी थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि घायल का अभी तक बयान नहीं लिया गया है। बयान लेने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
मुख्यालय डीएसपी मनोज सुमन ने कहा कि घटना का कारण स्पष्ट नहीं है। यह भी देखा जा रहा है कि घटना के समय दारोगा नशे में था या नहीं, इसके लिए उनका सैंपल लिया गया है।
नवगछिया का नोनिया पट्टी क्षेत्र लंबे समय से देसी शराब की बिक्री के लिए बदनाम रहा है। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सुबह के समय दारोगा वहां क्या कर रहे थे, उसके पास चाकू कहां से आया और ट्रेन से उतरकर सिपाही विशाल कुमार वहां क्यों गए .?
इस मामले में पुलिस जांच जारी है और सभी सवालों के जवाब आगामी दिनों में सामने आने की संभावना है।
















