



नवगछिया थाना के राजेंद्र कॉलोनी निवासी दिलीप कुमार पंडित ने साइबर ठगी का शिकार होने की सूचना दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें मोबाइल पर लिंक भेजकर उनके बैंक खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए।

पीड़ित दिलीप कुमार पंडित ने बताया कि उनकी पत्नी सेखा देवी के नाम से आइडीबीआई बैंक में खाता है। 10 जनवरी को दोपहर लगभग तीन बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया और फोन करने वाले ने कहा कि उनके व्हाट्सएप नंबर पर लिंक भेजा गया है, जिसे क्लिक करके बिजली के मीटर का अपडेट कर लें।
दिलीप कुमार ने बताया कि जैसे ही उन्होंने लिंक पर क्लिक किया, उनका मोबाइल हैक कर लिया गया और बैंक खाते से 50 हजार रुपये की राशि निकासी कर ली गई।

इस संबंध में पीड़ित ने नवगछिया साइबर थाना में अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की पहचान व पकड़ के लिए तकनीकी माध्यमों का उपयोग कर रही है।
साइबर अपराध विशेषज्ञों का कहना है कि इस प्रकार की ठगी से बचने के लिए किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करना चाहिए और अपने बैंक खाते या मोबाइल नंबर की जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए।
















