



नवगछिया : भाकपा-माले के नेतृत्व में नवगछिया में एनएच-31 बगड़ी चौक से खरीक चौक तक युजीसी कानून लागू करने की मांग को लेकर एक मार्च निकाला गया। करीब तीन किलोमीटर लंबी यात्रा के बाद खरीक चौक पर एक नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने शिक्षा और समानता के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

सभा का संचालन जिला कमेटी सदस्य सुशील कुमार भारती ने किया। सभा को संबोधित करते हुए का. सिकंदर यदुवंश ने कहा कि हमलोग न्याय और समानता चाहते हैं और माले कार्यकर्ता इस अधिकार की प्राप्ति के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने यह भी कहा कि युजीसी कानून में छात्रों को मिलने वाले अधिकार सीमित हैं और जब जुल्म होता है, उस पर कोई प्रभावी दंड विधान नहीं है।
भाकपा-माले जिला कमेटी सदस्य का. विदेंश्वरी मंडल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में विश्वविद्यालयों में दलित और पिछड़े छात्रों पर अन्य छात्रों या बाहरी संगठनों द्वारा हो रहे हमलों के खिलाफ कानून का कोई उचित संरक्षण नहीं है। उन्होंने बीएचयू का उदाहरण देते हुए कहा कि साइकिल ले जाने पर रोक लगाने वाले नियमों का दुरुपयोग करते हुए एबीवीपी और बजरंग दल के कुछ सदस्य दलित-पिछड़े छात्रों पर हमला करते हैं और बीच-बचाव करने वालों को भी नहीं छोड़ते। उन्होंने यह सवाल उठाया कि क्या यही लोकतंत्र है, जिसके लिए हमारे शहीदों ने अपने प्राण दिए थे।

सभा में यह भी कहा गया कि जब सम्मान के साथ खिलवाड़ हो रहा है और जीने का अधिकार खतरे में है, तो लोगों को अपनी गर्दन सीधी करके अपने अधिकारों के लिए खड़ा होना चाहिए।
इस नुक्कड़ सभा को प्रखंड सचिव सत्यनारायण यादव, जिला कमेटी सदस्य का. असंतोष यादव और का. रेणू देवी ने भी संबोधित किया। इस मार्च और सभा में मुख्य रूप से बिहारी शर्मा, श्रीमंत शर्मा, विनोद शर्मा, सिंटू यादव, बिलास यादव, सुरेंद्र शर्मा, पिंटू यादव, मंटू यादव, रूपेश यादव, नूनो लाल यादव और सुनील शर्मा शामिल थे। मार्च का नेतृत्व प्रखंड सचिव सत्यनारायण यादव ने किया।
















