


नवगछिया ।
कोसी नदी के पार स्थित बगड़ी टोला कदवा गांव में लगी आग से चार परिवारों के बासे जलकर पूरी तरह राख हो गए। इस अगलगी की घटना में भारी संपत्ति का नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवारों में सुरेंद्र मंडल, राजकिशोर मंडल, संजय मंडल और सुशील मंडल शामिल हैं, जिनके बासे आग की चपेट में आ गए।
घटना के संबंध में बताया गया कि आग लगने का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों ने आग की लपटें उठते देख शोर मचाया और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।
पीड़ित सुरेंद्र कुमार मंडल ने बताया कि आग लगने से दो बकरियां झुलसकर मर गईं, वहीं मवेशियों के चारे, पानी पटवन में उपयोग होने वाला पाइप, ड्रम में रखा मक्का और गेहूं सहित अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। इस अगलगी की घटना में लगभग दो लाख रुपये की क्षति का अनुमान लगाया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से क्षति का आकलन कर मुआवजा देने की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक आग लगने के कारणों की जांच की जा रही थी।














