



भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव में जमीन विवाद को लेकर 70 वर्षीय माधव साह पर कथित रूप से हमला किया गया।

घायल माधव साह ने बताया कि घटना 2 फरवरी की रात लगभग 10 बजे हुई। वे अपने बथान की ओर जा रहे थे, तभी उन्होंने देखा कि स्थानीय व्यक्ति प्रेमजीत मंडल उर्फ नेपाली मंडल उनकी निजी जमीन पर सड़क बना रहा है। विरोध करने पर प्रेमजीत मंडल और पहले से मौजूद 10-15 अज्ञात लोगों ने मिलकर उन पर हमला कर दिया, जिसमें माधव साह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना को गांव के एक व्यक्ति ने देखा और परिजनों को सूचना दी। परिजन तुरंत घायल को प्राथमिक उपचार के लिए सुल्तानगंज ले गए, लेकिन गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि घायल के नाक में गंभीर चोट आई है और ऑपरेशन की आवश्यकता है।
माधव साह ने आरोप लगाया कि उनके आवेदन के बावजूद पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है और प्रशासन से निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की जा रही है।
















