



भागलपुर। खेल विभाग बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना एवं जिला प्रशासन भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में वार्षिक खेल कार्यक्रम 2025-26 के अंतर्गत प्रमंडल स्तरीय दिव्यांग एथलेटिक्स चयन प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार को सैंडिस कंपाउंड, भागलपुर में किया गया। यह प्रतियोगिता 08 फरवरी 2026 को संपन्न हुई, जिसमें भागलपुर और बांका जिले के दिव्यांग खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन डीएसपी रक्षित, भागलपुर मिथिलेश कुमार जायसवाल, जिला दिव्यांग संघ के अध्यक्ष दिवाकर प्रसाद एवं जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया। उद्घाटन अवसर पर जिला दिव्यांग संघ बांका के सचिव, जिला एथलेटिक संघ के सचिव मोहम्मद नसर आलम, जिला भारोत्तोलन संघ के सचिव नीरज राय, जिला योगासन संघ के सचिव एस.पी. कुमार, जिला कबड्डी संघ के संयुक्त सचिव रविकांत रंजन सहित अनेक खेल पदाधिकारी, शिक्षक एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

इस प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में 30 वर्ष तक की आयु वर्ग के लगभग 50 महिला एवं पुरुष दिव्यांग खिलाड़ियों ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का आयोजन चार श्रेणियों में किया गया, जिसमें मूक-बधिर, शारीरिक दिव्यांग, मानसिक दिव्यांग एवं ड्वॉर्फ श्रेणी शामिल रही। चयनित खिलाड़ियों को आगामी 14 एवं 15 फरवरी 2026 को पटना में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय दिव्यांग खेल प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए डीएसपी मिथिलेश कुमार जायसवाल ने कहा कि आज दिव्यांग खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ही नहीं, बल्कि ओलंपिक जैसे बड़े मंचों पर भी देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से दिव्यांग खिलाड़ी समाज में सम्मानजनक स्थान बना रहे हैं और बिहार सरकार खेल के आधार पर उन्हें सरकारी नौकरी के अवसर भी प्रदान कर रही है।
जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार ने बताया कि इस आयोजन से न केवल खिलाड़ी बल्कि उनके माता-पिता भी बेहद उत्साहित नजर आए। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को यात्रा भत्ता का भुगतान नगद किया गया। वहीं जिला दिव्यांग संघ के अध्यक्ष दिवाकर प्रसाद ने कहा कि पिछले दो वर्षों से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित नहीं होने के कारण खिलाड़ी निराश थे, लेकिन इस वर्ष आयोजन होने से उनमें नया उत्साह देखने को मिला।
प्रतियोगिता के दौरान विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे।

शारीरिक दिव्यांग महिला वर्ग के चक्का फेंक में वर्षा रानी, भागलपुर ने प्रथम, सोनी खातून, बांका ने द्वितीय एवं फूल कुमारी, भागलपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मूकबधिर बालक वर्ग के चक्का फेंक में अमित कुमार, भागलपुर प्रथम, साहिल कुमार, भागलपुर द्वितीय एवं अभिजीत कुमार, बांका तृतीय रहे। मूकबधिर बालिका वर्ग के चक्का फेंक में रिजवाना खातून, बांका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
शारीरिक दिव्यांग बालक वर्ग के चक्का फेंक में राजू कुमार चौधरी, भागलपुर प्रथम एवं आंसू कुमार द्वितीय रहे। बालक वर्ग के टी-57 में मनीष कुमार, भागलपुर प्रथम तथा फंटूश कुमार, भागलपुर द्वितीय स्थान पर रहे। मंदबुद्धि बालक वर्ग के शॉटपुट में अंशु गुप्ता, भागलपुर प्रथम, तुषार स्वर्ण, बांका द्वितीय एवं ओम राज, भागलपुर तृतीय रहे।
शॉटपुट बालक टी-46 वर्ग में ब्रजेश कुमार, भागलपुर प्रथम, राज कुमार चौधरी, भागलपुर द्वितीय एवं सोनू कुमार, बांका तृतीय स्थान पर रहे। मंदबुद्धि बालिका वर्ग के चक्का फेंक में पायल कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
60 मीटर दिव्यांग बालिका वर्ग में खुशबू कुमारी, बांका प्रथम, निधि कुमारी, भागलपुर द्वितीय एवं कल्याणी कुमारी, बांका तृतीय रहीं। 100 मीटर दिव्यांग बालक वर्ग में मोहम्मद सर्जन, भागलपुर प्रथम एवं सोनू कुमार, बांका द्वितीय रहे।
100 मीटर मूकबधिर बालक वर्ग में दीपक कुमार, बांका प्रथम, अनीश भारती, भागलपुर द्वितीय एवं आदर्श कुमार, भागलपुर तृतीय स्थान पर रहे। 100 मीटर मंदबुद्धि बालक वर्ग में ओम राज, भागलपुर प्रथम, तुषार स्वर्ण, बांका द्वितीय एवं आंसू गुप्ता, भागलपुर तृतीय रहे।
60 मीटर मंदबुद्धि बालिका वर्ग में पायल कुमारी, बांका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मूकबधिर बालिका वर्ग के शॉटपुट में रिजवाना खातून ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शारीरिक दिव्यांग बालिका टी-57 शॉटपुट वर्ग में फूल कुमारी, भागलपुर प्रथम, बीबी सोनी खातून, बांका द्वितीय एवं ऋतु कुमारी, भागलपुर तृतीय रहीं।
शॉटपुट बालिका दिव्यांग वर्ग में निधि कुमारी, भागलपुर प्रथम, खुशबू कुमारी, बांका द्वितीय एवं कल्याणी कुमारी, बांका तृतीय स्थान पर रहीं। मूकबधिर बालक वर्ग के शॉटपुट में सौरभ कुमार, बांका प्रथम, दीपक कुमार, बांका द्वितीय एवं अनीश भारती, भागलपुर तृतीय रहे।
यह जानकारी जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार द्वारा दी गई।
















