



भागलपुर। भागलपुर जिले के सबौर थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां इंटर की परीक्षा देने आए 18 वर्षीय छात्र की गंगा में स्नान के दौरान डूबने से मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।

मृतक की पहचान मुकेश कुमार (18 वर्ष), पिता चितरंजन यादव, निवासी ग्राम छोटी भरगामा, जिला मधेपुरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मुकेश कुमार इंटरमीडिएट की परीक्षा देने के लिए भागलपुर आया था और वह अपने फूफा संजय यादव, पिता गजल यादव, निवासी ग्राम बाबूपुर तीन नंबर वार्ड, थाना सबौर, जिला भागलपुर के यहां ठहरा हुआ था।
जानकारी के अनुसार, परीक्षा के दौरान वह एक अन्य युवक के साथ स्नान करने घाट पर गया था। स्नान के क्रम में वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ गए युवक द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक मुकेश गहरे पानी में समा चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही सबौर थाना पुलिस, डायल 112 की टीम एवं एसडीआरएफ मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों की मदद से छात्र का शव गंगा से बाहर निकाला गया। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विधिसम्मत जांच एवं आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इंटर की परीक्षा देने आए छात्र की असमय मौत से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।
















