



नवगछिया।
रंगरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर निवासी एक युवक से क्रिकेट से जुड़े काम का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित द्वारा साइबर थाना नवगछिया में आवेदन देकर दो व्यक्तियों पर धोखाधड़ी और धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भवानीपुर निवासी नटवर कुमार ने अपनी शिकायत में बताया है कि करीब एक वर्ष पूर्व उनकी पहचान अंबुज आनंद उर्फ लाल साहब और विमल झा से हुई थी। दोनों ने खुद को क्रिकेट से संबंधित गतिविधियों और अन्य कार्यों से जुड़ा बताते हुए भरोसे में लिया। इसके बाद विभिन्न बहानों से उनसे रुपये की मांग की जाने लगी।

पीड़ित के अनुसार फरवरी से नवंबर 2025 के बीच अलग-अलग तिथियों पर दोनों आरोपितों ने उनसे कुल लगभग छह लाख रुपये ले लिए। शुरुआत में यह भरोसा दिलाया गया कि तय समय पर पूरी राशि लौटा दी जाएगी, लेकिन जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे तो पहले उसे टालमटोल कर टरकाया गया। बाद में आरोपितों ने साफ तौर पर रकम लौटाने से इनकार कर दिया।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि जब उसने लगातार पैसे की मांग की तो मोबाइल फोन पर उसे धमकियां दी जाने लगीं। इससे मानसिक रूप से परेशान होकर उसने साइबर थाना नवगछिया का दरवाजा खटखटाया और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।

इस संबंध में साइबर थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के क्रम में संबंधित बैंक खातों, रुपये के लेन-देन और मोबाइल नंबरों की गहन पड़ताल की जा रही है। सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि किसी भी तरह के लालच या झांसे में आकर अज्ञात अथवा कम परिचित व्यक्तियों को रुपये देने से पहले पूरी जानकारी अवश्य लें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।
















