



भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र अंतर्गत अठनिया गांव में खेत की सिंचाई के दौरान बिजली का करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान अंग्रेज यादव के पुत्र गोपाल कुमार यादव (20 वर्ष) के रूप में की गई है।
परिजनों के अनुसार गोपाल कुमार यादव को उसके पिता द्वारा खेत की पटवन के लिए भेजा गया था। बताया गया कि वह लगभग दो घंटे से खेत में पानी दे रहा था। इसी दौरान बिजली से संचालित मोटर को खोलने के क्रम में वह अचानक करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक गोपाल कुमार यादव नवोदय विद्यालय का छात्र था और पढ़ाई में काफी होनहार बताया जाता है। उसकी असमय मृत्यु से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार गोपाल दो भाइयों में छोटा था। इससे पूर्व लगभग दो वर्ष पहले उसके बड़े भाई की भी बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो चुकी थी। अब इस परिवार में केवल माता-पिता ही शेष रह गए हैं। एक के बाद एक दोनों पुत्रों की मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना की जानकारी देते हुए समाजसेवी अशोक कुमार यादव ने बताया कि सुबह अचानक गांव में यह खबर फैल गई कि खेत में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी।
इस हृदयविदारक घटना के बाद अठनिया गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
















