



नवगछिया :
भावसर फाउंडेशन, बांका के तत्वावधान में गोपालपुर प्रखंड में भूकंपरोधी भवन निर्माण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 10 दिवसीय आरपीएल (रिकॉग्निशन ऑफ प्रायर लर्निंग) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 30 प्रतिभागियों को भूकंपरोधी भवन निर्माण से संबंधित सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सुरक्षित निर्माण तकनीक, भूकंप के दौरान भवनों की संरचनात्मक मजबूती, निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्रियों के सही अनुपात तथा आधुनिक निर्माण विधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों द्वारा (फील्ड) में व्यावहारिक अभ्यास कराकर प्रतिभागियों की दक्षता को और सुदृढ़ किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन के बाद कंस्ट्रक्शन स्किल डेवलपमेंट काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित मूल्यांकन परीक्षा में कुल 24 प्रतिभागी सफलतापूर्वक उत्तीर्ण हुए। इसके उपरांत सफल प्रतिभागियों के बीच प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर भावसर फाउंडेशन के प्रशिक्षक अजीत कुमार द्विवेदी एवं राकेश कुमार, अंचल कर्मी ललन कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से न केवल सुरक्षित और टिकाऊ भवन निर्माण को बढ़ावा मिलता है, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होते हैं।















