



भागलपुर: जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मद्य निषेध थाना, सदर भागलपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। यह कार्रवाई रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
मद्य निषेध थाना पुलिस द्वारा लोदीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लोदीपुर बायपास टोल प्लाजा के समीप वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर जांच की गई। तलाशी के क्रम में ट्रक से कुल 2894.40 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 34 लाख 73 हजार 280 रुपये आंकी गई है।

कार्रवाई के दौरान मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र अंतर्गत वधुआपुर निवासी सुबोध साह, पिता राजदेव साह के रूप में की गई है। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा शराब तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।

इस सफल अभियान का नेतृत्व थानाध्यक्ष के निर्देशन में किया गया, जिसमें अवर निरीक्षक मद्य निषेध गौतम कुमार, सहायक अवर निरीक्षक बालकेश्वर राम, मद्य निषेध सिपाही एवं गृहरक्षक बल के जवान शामिल रहे।
मद्य निषेध विभाग, भागलपुर द्वारा अवैध शराब के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विभाग का उद्देश्य जिले में पूर्ण शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करना तथा शराब तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।














