


नवगछिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में संवैधानिक पद पर 25 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी देने के लिए भाजपा जिला नवगछिया की ओर से स्थानीय आनंद भवन में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को भागलपुर विधायक रोहित पाण्डेय ने संबोधित किया।

विधायक रोहित पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना प्रमुख रही है। इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने और समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा कार्यों से जोड़ने के उद्देश्य से देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक महीने तक चलने वाले इस अभियान में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं संगठनात्मक स्तर पर कुल 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवा कार्यों और विकसित भारत के संकल्प को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम नागरिकों को भी विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से अभियान से जोड़ने की योजना है।

रोहित पाण्डेय ने बताया कि अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘रंगोली राष्ट्र’, ‘आभार राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में किए गए विकास कार्यों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ ही सेवा एवं सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
स्वैच्छिक सेवा कार्यों से जुड़ेंगे कार्यकर्ता और नागरिक
विधायक ने बताया कि ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों को भी स्वैच्छिक सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इसका उद्देश्य समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना और लोगों को अपने स्तर पर सेवा कार्यों के लिए प्रेरित करना है।
वहीं ‘सेवा सेतु अभियान’ के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही लोगों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए संबंधित स्तर तक बात पहुंचाने की पहल की जाएगी।
उन्होंने बताया कि ‘जनसेवक महाकुंभ’ के माध्यम से पंचायत से लेकर संसद तक के जनप्रतिनिधियों और जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को एक मंच पर लाने की योजना है। इसके जरिए सेवा कार्यों के अनुभव साझा करने और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा का अवसर मिलेगा।
‘विकसित भारत’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर
प्रेस वार्ता में विधायक रोहित पाण्डेय ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि सेवा की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं से गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के विभिन्न वर्गों को मिल रहे लाभ की जानकारी लोगों तक पहुंचाना भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सेवा, संगठन और जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को मजबूत किया जा सकता है।
प्रेस वार्ता में पार्टी के कई पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में भाजपा नवगछिया जिलाध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद, निवर्तमान जिलाध्यक्ष बिनोद कुमार मंडल, पूर्व जिला महामंत्री मनोज कुमार पाण्डेय, जिला महामंत्री मुरारीलाल चिरानिया, जिला मंत्री बासुकी मंडल, मंडल अध्यक्ष बबलू चौधरी, नगर अध्यक्ष दीपक भगत, रंजीत झा, गौरव सिंह, चंदन भगत, जिला प्रवक्ता कौशल जायसवाल, अभिनंदन यादव, अनिल केजरीवाल समेत भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
















