



भागलपुर। असरगंज थाना क्षेत्र के अमैया गांव निवासी परीक्षण सिंह के 30 वर्षीय पुत्र चंदन सिंह की लाठी-डंडे से पिटाई के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया तथा इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
मृतक की पत्नी सोनम कुमारी ने बताया कि चंदन सिंह डेकोरेशन और डीजे का काम करते थे। लखनपुर गांव निवासी चितरंजन कुमार के पास कुर्सी किराया के रूप में 1500 रुपये बकाया थे। करीब छह महीने बाद जब चंदन पैसे मांगने पहुंचे तो आरोपी ने भुगतान से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोपित ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया, जिससे चंदन गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए असरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉ. कामिनी कुमारी ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

बताया जाता है कि मृतक हाल ही में बाथ थाना क्षेत्र के झोझी मुसहरी में घर बनाकर रह रहे थे। मौत की खबर मिलते ही आक्रोशित परिजनों ने झोझी मुसहरी के समीप शव रखकर सड़क जाम कर दिया और आरोपी की गिरफ्तारी व उचित मुआवजे की मांग करने लगे। करीब दो घंटे तक सड़क जाम रहने से आवागमन प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी नवनीत कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर अर्जुन प्रसाद, बाथ थानाध्यक्ष मंटू कुमार, सुल्तानगंज थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, शाकुंड थानाध्यक्ष अनिल कुमार साह सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।

सुल्तानगंज प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि तत्काल सहायता के रूप में परिजनों को 20 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया है तथा सरकार की ओर से मिलने वाली अन्य सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं डीएसपी नवनीत कुमार ने बताया कि मृतक एवं परिजनों के बयान के आधार पर बाथ थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मृतक अपने पीछे पत्नी सोनम कुमारी और छह वर्षीय पुत्री देवासी को छोड़ गए हैं। घटना के बाद पत्नी प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रही है।













