



भागलपुर के डीआरडीए परिसर में पुलिस जिला नवगछिया एवं बांका के इंस्पेक्टर और दरोगाओं को थाना स्तर पर मामलों के निष्पादन को लेकर विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य लंबित मामलों की संख्या कम करना तथा न्यायिक प्रक्रिया को तेज और प्रभावी बनाना है।

प्रशिक्षण सत्र में सेवानिवृत्त न्यायाधीश विष्णु कुमार अग्रवाल ने अधिकारियों को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारतीय कानून में लगभग 40 ऐसी धाराएं हैं, जिनका निष्पादन थाना स्तर पर ही किया जा सकता है। यदि इन मामलों का सही एवं विधिसम्मत तरीके से थाने में ही निपटारा कर दिया जाए, तो अदालतों में लंबित मामलों का बोझ काफी हद तक कम किया जा सकता है।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया कि निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए मामलों का प्रभावी समाधान कैसे किया जाए। साथ ही, केस निष्पादन में पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई पर विशेष जोर दिया गया।
इस पहल से न्याय व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ-साथ आम लोगों को भी त्वरित न्याय और राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।













