



भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित अजगैबीनाथ धाम में संत निरंकारी मंडल के सदस्यों द्वारा बाबा हरदेव सिंह महाराज की जयंती के उपलक्ष्य में स्वच्छता अभियान चलाया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धा और सेवा भावना के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सत्यगुरु माता सुदिक्षा जी महाराज के निर्देश पर “प्रोजेक्ट अमृत भारत” के तहत नमामि गंगे घाट सहित आसपास के क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया गया। इसके साथ ही नमामि गंगा घाट पर एक घंटे का सत्संग कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आध्यात्मिक संदेशों को आत्मसात किया।

कार्यक्रम में नगर सभापति राज कुमार गुड्डू, वार्ड पार्षद संजय चौधरी, नवीन कुमार बन्नी, वैभव मार्केट के निदेशक हेमंत कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संत निरंकारी मंडल के प्रमुख दिनेश मंडल, एकाउंटेंट दशरथ जी, राजेश जी, शिव मालाकार, शशि भूषण उर्फ मुन्ना तथा संगत इंचार्ज अजीत कुमार ने कार्यक्रम के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई।

तारापुर, अमरपुर, कहलगांव, दामोदरपुर, खुटाहा, भवनाथपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लगभग तीन सौ से अधिक सेवा दल के जवानों और बहनों ने अभियान में भाग लेकर घाट परिसर की सफाई की। इस दौरान सेवा दल के सैकड़ों सदस्य एवं दर्जनों सफाईकर्मी मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के सेवा कार्य समाज में स्वच्छता, सेवा और मानवता के संदेश को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक भी किया गया।













