


नवगछिया में नवगछिया क्रिकेट लीग बोर्ड के तत्वावधान में आयोजित नवगछिया क्रिकेट लीग-1 का रोमांचक फाइनल मुकाबला रविवार को तेतरी मैदान में खेला गया। फाइनल मैच नवगछिया टाइगर और नवगछिया यूथ के बीच खेला गया, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए नवगछिया टाइगर ने 103 रन से जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा कर लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नवगछिया टाइगर की टीम ने निर्धारित ओवरों में 270 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से शिवम ने शानदार 90 रनों की पारी खेली, जबकि दीपक यादव ने 65 रन और रोशन ने 38 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। बल्लेबाजों के आक्रामक खेल के कारण विपक्षी टीम पर शुरुआत से ही दबाव बना रहा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी नवगछिया यूथ की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। टीम 167 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। नवगछिया यूथ की ओर से सौरभ ने 49 रन, सूरज लाठ ने 32 रन तथा गौरव ने 27 रन का योगदान दिया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नवगछिया के एसडीपीओ ओम प्रकाश उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में नवगछिया क्रिकेट संघ के अध्यक्ष रामदेव प्रसाद यादव, पूर्व उप प्रमुख गौतम कुमार, लीग बोर्ड के अध्यक्ष सरोज झा, संयोजक घनश्याम प्रसाद, सचिव संतोष कुमार सहित अशोक सिंह, मुकेश सिंह, प्रशांत कुमार, संजीव कुमार उर्फ झाबो, उत्तम कुमार और राजेश कुमार राजू मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
व्यक्तिगत पुरस्कारों की बात करें तो दीपक यादव को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। विशेष कुमार वार्नर को बेस्ट बैट्समैन, संदीप कुमार एवं कृष्ण बाबा को संयुक्त रूप से बेस्ट बॉलर घोषित किया गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मो. साजिद को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार प्रदान किया गया।
मैच में अंपायर की भूमिका मंटू कुमार और विकास कुमार ने निभाई, जबकि दीपक कुमार ने कॉमेंट्री कर मैच को और भी रोमांचक बना दिया। फाइनल मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मैदान में मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। पूरे आयोजन में खेल भावना, उत्साह और स्थानीय प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।












