5
(1)

स्व. रामावतार सर्राफ की जयंती पर नवगछिया में भव्य रक्तदान शिविर आयोजित

नवगछिया में मानव सेवा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी क्लीन एंड ग्रीन नवगछिया फाउंडेशन के तत्वावधान में स्वर्गीय रामावतार सर्राफ की जयंती के अवसर पर 22 फरवरी 2026, रविवार को पोस्ट ऑफिस रोड स्थित बाल भारती परिसर में शिविर आयोजित किया गया।

कार्यक्रम को लेकर पूरे नवगछिया नगर में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही रक्तदाताओं का पहुंचना शुरू हो गया और युवाओं के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। शिविर में चिकित्सकीय टीम की देखरेख में सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से रक्त संग्रह किया गया, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

इस अवसर पर नगर परिषद सभापति प्रतिनिधि प्रेम सागर उर्फ डब्लू यादव ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है और ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं। बाल भारती के प्राचार्य कौशल जयसवाल ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।

कार्यक्रम में सावित्री पब्लिक स्कूल के निर्देशक राम कुमार साहू, समाजसेवी अजय कुमार रूंगटा, पवन कुमार सराफ, मुकेश राणा, संस्था के अध्यक्ष चंद्रगुप्त साह, अभय मुनका, नरेश केडिया, बालकृष्ण पंसारी, शिक्षक सुबोध कुमार एवं पंकज भारती सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन में स्वर्गीय रामावतार सर्राफ के पुत्र विनय की भी सक्रिय भागीदारी रही।

रानी सती दादी मंडल, खरीक के अध्यक्ष प्रदीप जैन ने शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार के सामाजिक कार्य जरूरतमंद लोगों के लिए जीवनदान साबित होते हैं। संस्था के अध्यक्ष चंद्रगुप्त साह ने बताया कि यह शिविर केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मानव सेवा का संकल्प है। रक्तदाताओं के सहयोग से कई जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य खासकर युवाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और “हर घर रक्तदाता” की भावना को मजबूत करना है।

शिविर की विशेष बात यह रही कि स्वर्गीय नागेश्वर विश्वकर्मा के परिवार से एक साथ नौ सदस्यों ने रक्तदान कर सामाजिक सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया। वहीं 28 ऐसे रक्तदाता भी शामिल रहे, जिन्होंने पहली बार रक्तदान किया। कुल 64 रक्तदानियों ने रक्तदान कर कार्यक्रम को सफल बनाया। स्थानीय नागरिकों और युवाओं के सक्रिय सहयोग से पूरा आयोजन सेवा, सहयोग और सामाजिक एकता की प्रेरणादायक मिसाल बन गया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: