



नारायणपुर के भवानीपुर थाना पुलिस ने दहेज हत्या के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पिता और पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कलानंद दास तथा उनके पुत्र आर्यन कुमार उर्फ मनीष कुमार के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 दिसंबर को वादिनी द्वारा थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया गया था कि उनकी विवाहित पुत्री की हत्या दहेज की मांग को लेकर उसके ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए भवानीपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

कांड अनुसंधान के दौरान पुलिस ने पहले ही एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। वहीं मामले में वांछित चल रहे आरोपित आर्यन कुमार उर्फ मनीष कुमार तथा कलानंद दास को पुलिस ने छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।













