



भागलपुर जिले में सोशल मीडिया पर हथियार लहराने का वीडियो पोस्ट करना एक युवक को महंगा पड़ गया। इंस्टाग्राम पर अवैध हथियार के साथ वीडियो अपलोड करने वाले युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस तथा मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों एवं आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सुलतानगंज थाना पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि एक युवक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर हथियार लहराते हुए वीडियो अपलोड किया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा वीडियो का सत्यापन कराया गया। सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और आरोपी युवक को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार युवक की पहचान परदेसी रविदास, पिता संजय रविदास, निवासी मिरहट्टी, थाना सुलतानगंज, जिला भागलपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके घर से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस एवं घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।














