



नवगछिया पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आशाटोल में एक व्यक्ति को बच्चा चोर समझकर कुछ ग्रामीणों द्वारा मारपीट किए जाने की घटना सामने आई है। घटना 23 फरवरी 2026 की बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस द्वारा मामले की जांच किए जाने पर यह तथ्य सामने आया कि घायल व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ (विक्षिप्त) है। ग्रामीणों ने अफवाह के आधार पर उसे बच्चा चोर समझ लिया और उसके साथ मारपीट कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

वर्तमान में घायल व्यक्ति अस्पताल में इलाजरत है तथा उसकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है। पुलिस द्वारा घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

नवगछिया पुलिस ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक अफवाहों पर विश्वास न करें और बिना पुष्टि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के साथ मारपीट या दुर्व्यवहार न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून को अपने हाथ में लेना दंडनीय अपराध है और ऐसा करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













