


भागलपुर : पैक्स निर्वाचन 2026 को लेकर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों में होने वाले चुनाव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन ने निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया गया कि नामांकन की प्रक्रिया 6 एवं 7 मार्च 2026 को सुबह 11:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक संपन्न होगी। नामांकन पत्रों की समीक्षा 9 एवं 10 मार्च को होगी, जबकि 11 मार्च को अभ्यर्थिता वापसी और चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मतदान 18 मार्च 2026 को सुबह 7:00 बजे से शाम 4:30 बजे तक कराया जाएगा तथा उसी दिन मतगणना भी की जाएगी।
प्रखंडवार चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि गोपालपुर में 2 पैक्स समितियों के लिए 4 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 2263 मतदाता मतदान करेंगे। इस्माइलपुर में 1 समिति के लिए 2 मतदान केंद्र तथा 845 मतदाता हैं। रंगरा चौक में 5 समितियों हेतु 10 मतदान केंद्रों पर 5935 मतदाता मतदान करेंगे। नवगछिया प्रखंड में 3 समितियों के लिए 9 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 5248 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
इसी प्रकार खरिक में 2 समितियों के लिए 4 केंद्र, नारायणपुर में 1 समिति के लिए 4 केंद्र, पीरपैंती में 6 समितियों हेतु 13 केंद्र, कहलगांव में 12 समितियों के लिए 24 केंद्र तथा सनहौला में 8 समितियों के लिए 23 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। गोराडीह, सबौर, जगदीशपुर, नाथनगर, शाहकुंड एवं सुल्तानगंज प्रखंडों में भी समितिवार मतदान केंद्रों और मतगणना टेबल की व्यवस्था तय की गई है।
जिले में कुल 64 पैक्स समितियों के साथ-साथ दो बुनकर सहयोग समितियों—मिलाप बुनकर सहयोग समिति, नाथनगर एवं राजा सिल्क प्राथमिक बुनकर सहयोग समिति लिमिटेड, जगदीशपुर—का भी निर्वाचन कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि चुनाव के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा मतदाताओं को सुगम मतदान सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रशासनिक तैयारी समय पर पूरी की जाए। प्रशासन का लक्ष्य है कि निर्वाचन प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हो।














