



भागलपुर। होली पर्व के दौरान जिले में शांति एवं विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर समीक्षा भवन, भागलपुर में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक सहित तीनों अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी एवं जिले के सभी थाना अध्यक्ष उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अवैध शराब कारोबार पर सख्ती बरतने का निर्देश देते हुए लगातार छापेमारी अभियान चलाने को कहा। उन्होंने सड़कों पर ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से संदिग्ध व्यक्तियों की जांच करने तथा शराब पीते हुए पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाने में बंद करने का निर्देश दिया। साथ ही उत्पाती एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध बॉन्ड डाउन या निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि होली के दिन किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

जिलाधिकारी ने सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक पूर्व से आयोजित करने का निर्देश देते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर आपसी समन्वय और संवाद से त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। बैठक में स्पष्ट रूप से निर्देश दिया गया कि होली के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया कि सभी सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल इलाज उपलब्ध कराया जा सके। वहीं अग्निशमन विभाग को निर्देश दिया गया कि फायर ब्रिगेड की गाड़ियां अपने-अपने स्टेशनों पर पूरी तरह तैयार स्थिति में रहें।

इसके अतिरिक्त आपातकालीन सेवा 112 कंट्रोल रूम को होली के दौरान 24 घंटे संचालित रखने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी घटना पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का पर्व है। सभी लोग मर्यादा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखते हुए त्योहार मनाएं तथा ऐसी किसी भी गतिविधि से बचें जिससे किसी की भावनाएं आहत हों।
















