



भागलपुर। गर्मी के मौसम की शुरुआत होते ही जिले में आग लगने की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। संभावित अगलगी की घटनाओं को देखते हुए भागलपुर अग्निशमन विभाग पूरी तरह सतर्क और तैयार है। विभाग के अधिकारी एवं कर्मी 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात रहकर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए लगातार निगरानी कर रहे हैं।

जिला अग्निशमन विभाग के पास वर्तमान में चार बड़ी दमकल गाड़ियां और नौ छोटी दमकल वाहन उपलब्ध हैं। इसके साथ ही कंट्रोल रूम में भी चौबीसों घंटे कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। आग लगने की सूचना मिलते ही टीम को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया जाता है, ताकि समय रहते आग पर काबू पाया जा सके और जान-माल की क्षति को कम किया जा सके।

हालांकि विभाग के सामने फॉल्स कॉल यानी झूठी सूचनाएं एक बड़ी समस्या बनती जा रही हैं। जिला अग्निशमन पदाधिकारी अभय कुमार सिंह ने बताया कि कई बार शरारती तत्वों द्वारा गलत सूचना देकर दमकल गाड़ियों को बुला लिया जाता है। जब टीम मौके पर पहुंचती है तो वहां आग लगने की कोई घटना नहीं मिलती। इससे विभाग के समय और संसाधनों की अनावश्यक बर्बादी होती है और वास्तविक घटनाओं में सहायता पहुंचने में देरी की आशंका बढ़ जाती है।
अग्निशमन विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे जिम्मेदारी दिखाएं और केवल वास्तविक आपात स्थिति में ही आग लगने की सूचना दें, ताकि जरूरतमंद स्थानों पर समय पर राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।















