


भागलपुर। ललमटिया थाना क्षेत्र के साहेबगंज दिलदारपुर में मारपीट और फायरिंग के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर एक देशी कट्टा और एक खोखा भी बरामद किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार साहेबगंज दिलदारपुर निवासी रीना देवी अपने घर के दरवाजे पर बैठी थीं। इसी दौरान राजेश कुमार उर्फ डोमा वहां पहुंचकर जातिसूचक गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद वादिनी के पुत्र विकास कुमार रजक, मनीष कुमार रजक और अभिषेक कुमार रजक उसे समझाने के लिए उसके घर गए। आरोप है कि इसी दौरान राजेश कुमार उर्फ डोमा ने जान मारने की नीयत से ईंट-पत्थर से हमला कर तीनों को घायल कर दिया।
घटना के बाद ललमटिया थाना में मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार घटना के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को फायरिंग करते और देशी कट्टा लहराते हुए देखा गया है। इसके बाद पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी कट्टा और एक खोखा बरामद किया है।
डीएसपी-2 राकेश कुमार ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी। छापेमारी दल में अंचल निरीक्षक रंजीत कुमार, जिला आसूचना इकाई के परमेश्वर साहनी, ललमटिया थानाध्यक्ष दीपक पासवान, अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार, अवर निरीक्षक महावीर कुमार सहित पुलिस बल के अन्य जवान शामिल थे।















