


भागलपुर। सुल्तानगंज मुख्य चौक बाजार के समीप शुक्रवार को तेज रफ्तार एम्बुलेंस और टोटो की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भागलपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक एम्बुलेंस ने मुख्य चौक बाजार के पास एक टोटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टोटो चालक तथा टोटो पर सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल रेफरल अस्पताल सुल्तानगंज इलाज के लिए ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने टोटो चालक मनोज कुमार तांती (42 वर्ष), निवासी मिर्जापुर को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल महिलाओं की पहचान डिस्को देवी (45 वर्ष) और अनिता देवी (46 वर्ष), निवासी इटहरी, रामापुर थाना, जिला मुंगेर के रूप में हुई है। दोनों का इलाज जारी है।
घटना के बाद एम्बुलेंस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।















