


भागलपुर। भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए एक नई डिजिटल पहल शुरू करने जा रहा है। 6 मार्च से ‘रेल वन’ नामक नई सेवा प्रारंभ की जा रही है, जिसके माध्यम से यात्री एक ही मंच पर आरक्षित और सामान्य दोनों प्रकार के रेल टिकट बुक कर सकेंगे।
मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि अब तक यात्रियों को अलग-अलग कार्यों के लिए अलग-अलग अनुप्रयोगों का उपयोग करना पड़ता था, लेकिन ‘रेल वन’ सेवा के माध्यम से सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।
उन्होंने बताया कि इस सुविधा के जरिए यात्री आसानी से आरक्षित टिकट के साथ-साथ सामान्य टिकट भी बुक कर सकेंगे। इससे टिकट काउंटर पर लगने वाली लंबी कतारों से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
मंडल रेल प्रबंधक ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि स्टेशन पर भीड़ से बचने और समय की बचत के लिए अधिक से अधिक लोग ‘रेल वन’ सेवा का उपयोग करें।
रेलवे का मानना है कि इस नई सुविधा से यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी और टिकट बुकिंग की प्रक्रिया पहले से अधिक सरल और सुगम हो जाएगी।















