0
(0)

भागलपुर जिले में बिहार दिवस 2026 के भव्य आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को भागलपुर के समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिहार दिवस को सफल एवं आकर्षक ढंग से आयोजित करने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सह प्रभारी पदाधिकारी, जिला सामान्य शाखा, भागलपुर द्वारा पिछले वर्ष आयोजित बिहार दिवस कार्यक्रम की कार्यवाही को पढ़कर सुनाया गया और उससे जुड़े अनुभवों व सुझावों पर भी चर्चा की गई, ताकि इस वर्ष का आयोजन और अधिक बेहतर एवं व्यवस्थित तरीके से किया जा सके।

जानकारी के अनुसार 22 और 23 मार्च को भागलपुर के ऐतिहासिक सैंडिस कंपाउंड में बिहार दिवस 2026 का मुख्य आयोजन किया जाएगा। इस दो दिवसीय कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, व्यंजन मेला तथा विभिन्न सरकारी विभागों की स्टॉल लगाई जाएंगी। इन स्टॉलों के माध्यम से विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, उपलब्धियों और जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में बिहार दिवस के अवसर पर कई प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें निबंध प्रतियोगिता, वाक् प्रतियोगिता, पेंटिंग प्रतियोगिता और रंगोली प्रतियोगिता शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।

इसके अलावा ऐसे छात्र-छात्राओं या व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने किसी भी क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर भागलपुर और बिहार का नाम रोशन किया है। साथ ही जिले के स्वतंत्रता सेनानियों को भी विशेष रूप से सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है।

बिहार दिवस के अवसर पर स्कूली बच्चों को जिले के महत्वपूर्ण ऐतिहासिक और पुरातात्विक स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी को बिहार के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक धरोहर के बारे में जानकारी मिल सके।

जिलाधिकारी ने बैठक में सभी विभागों के कार्यालय प्रधानों को निर्देश देते हुए कहा कि बिहार दिवस से पहले अपने-अपने कार्यालयों की साफ-सफाई और रंग-रोगन सुनिश्चित करें। साथ ही 22 और 23 मार्च को सभी सरकारी कार्यालयों को नीले प्रकाश से रोशन करने की व्यवस्था भी की जाए, जिससे पूरे जिले में बिहार दिवस का उत्सवी माहौल दिखाई दे।

कार्यक्रम के दौरान एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, एनएसएस और एनवाईके सहित अन्य सामाजिक व शैक्षणिक संस्थाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में अपर समाहर्ता दिनेश राम, अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था) राकेश रंजन, जिला परिवहन पदाधिकारी जनार्दन प्रसाद सिंह, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ. अशोक प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी राजीव कुमार रवि तथा जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी रतन कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: