


भागलपुर के टाउन हॉल में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह और महापौर डॉ. वसुंधरा लाल सहित अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिसने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की उपलब्धियों और समाज में उनकी बढ़ती भागीदारी पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मौजूद डीएसपी प्रेरणा सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं की भूमिका हर क्षेत्र में मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि देश के साथ-साथ बिहार की महिलाएं भी तेजी से आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग में भी बड़ी संख्या में महिलाएं अपनी सेवाएं दे रही हैं और अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं।
इस कार्यक्रम में कई अधिकारी, महिलाएं और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।















