


भागलपुर शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में शामिल लाजपत पार्क की बदहाल स्थिति को लेकर रविवार सुबह नगर विधायक रोहित पांडे ने पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और लगाए गए उपकरणों की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद विधायक रोहित पांडे ने कहा कि शहर की सुंदरता और पहचान में लाजपत पार्क की अहम भूमिका है, इसलिए इसे सुसज्जित और व्यवस्थित रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग सुबह-शाम यहां टहलने और शुद्ध हवा लेने के लिए आते हैं, ऐसे में पार्क की बेहतर देखभाल और रखरखाव सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
विधायक ने पार्क में लगे झूले, जिम उपकरण और अन्य सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पार्क में लगाए गए उपकरणों की सुरक्षा और नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। इस संबंध में संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
रोहित पांडे ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही लाजपत पार्क को व्यवस्थित और आकर्षक बनाया जाएगा, ताकि यहां आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि पार्क की सुरक्षा, साफ-सफाई और सुविधाओं को लेकर विभागीय स्तर पर विचार-विमर्श कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान शहर के कई गणमान्य लोग, शिक्षाविद, समाजसेवी, चिकित्सक और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे। इस मौके पर स्थानीय लोगों ने विधायक रोहित पांडे का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया और पार्क की स्थिति में जल्द सुधार की उम्मीद जताई।














